घायल युवक को चारपाई पर लादकर पहुंचाया अस्पताल

गोंडा / घायल युवक को चारपाई पर लादकर पहुंचाया अस्पताल

थाना तरबगंज  इलाके का मामला

लोग बोले- बिगड़ती जा रही थी घायल युवक की हालत

गोंडा। यहां सड़क हादसे में घायल एक युवक को एंबुलेंस सेवा नहीं मिली तो परिजनों को चारपाई पर लादकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाना पड़ा है।
तरबगंज थाना इलाके में रविवार को बाइक सवार पति और पत्नी कार की टक्कर से घायल हो गए थे। सामाजिक कार्यकर्ता घनश्याम जायसवाल ने बताया कि इसकी सूचना पुलिस को देते हुए एंबुलेंस सेवा के टोल फ्री नंबर 108 पर कॉल कर मदद मांगी गई। लेकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलसर से किसी कर्मी का फोन आया कि अभी एंबुलेंस खाली नहीं है। ऐसी स्थिति में मरीज की बिगड़ती हालत को देखते हुए चारपाई पर लादकर युवक को अस्पताल ले जाना पड़ा है। उपचार के लिए दवा व मरहम-पट्टी भी बाहर से मंगाया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरबगंज के डॉ. नवनीत ने बताया कि चारपाई पर मरीज लाया गया था। जिसके दाहिने  पैर में बुरी तरह फ्रैक्चर है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीएमओ डॉक्टर संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं था, न कोई शिकायत आई है। एंबुलेंस सेवा के जिला प्रभारी को जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ